जिला ब्यूरो रिपोर्ट
संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली

मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जिलों की समीक्षा, कई मानकों में बालाघाट रहा अग्रणी

भोपाल से मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने 25 जून 2026 को प्रदेश के सभी संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, जनजातीय कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में बालाघाट जिले ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज कर प्रदेश के अग्रणी जिलों में स्थान बनाया। स्वास्थ्य एवं पोषण विभाग की समीक्षा में गंभीर एनीमिया के प्रबंधन के मामले में बालाघाट ने 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर प्रदेश के शीर्ष तीन जिलों में स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार टीबी रोगियों को पोषण किट वितरण में भी बालाघाट ने 100 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान साझा किया। प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में भी बालाघाट जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। कक्षा 01 से 08 तक के बच्चों के पंजीयन में बालाघाट जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। बच्चों की अपार आईडी बनाने में भी बालाघाट जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
बैठक में शैक्षणिक संस्थाओं एवं परिसरो के आस-पास ड्रग फ्री जोन बनाने के निर्देश दिये गए। नशीली चीजों के रोकथाम के लिए एनकॉर्ड की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने कहा गया। सायबर धोखाधडी के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने एवं आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाईन नंबर 1930 का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये गए। पॉक्सो एक्ट के प्रकरणों में 02 माह में आरोप पत्र एवं जांच रिपोर्ट अनिवार्य से प्रस्तुत करने कहा गया। विस्फोटक अधिनियम का पालन करने के लिए फटाका निर्माण एवं विस्फोटक स्थलों का पर्यवेक्षण करने कहा गया। नवीन न्याय संहिता क्रियान्वयन में ई-साक्ष्य का कवरेज बढाने के निर्देश दिये गए। ई-साक्ष्य कवरेज में बालाघाट जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। मोहर्रम के दौरान सावधानी बरतने और साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति निर्मित नही होने देने के निर्देश दिये गए। खनिज के अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर कडाई से रोक लगाने और बिना नंबर के वाहनों से खनिज का परिवहन सख्ती से रोकने के निर्देश दिये गए।
बैठक में गर्भवती माताओं का अनमोल पोर्टल पर पंजीयन एवं एएनसी जांच अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिये गए। गर्भवती माताओं का सुरक्षित प्रसव कराने के लिए हर संभव उपाय करने कहा गया। इसी प्रकार सेम एवं मेम श्रेणी के बच्चों का चिन्हांकन एवं उपचार करने के निर्देश दिये गए। प्रसूति सहायता एवं जननी सुरक्षा योजना की सहायता राशि का तत्परता के साथ वितरण करने और इसके प्रकरण लंबित नही रखने के निर्देश दिये गए। वर्ष 2030 तक टीबी मुक्त प्रदेश बनाने के लक्ष्य के लिए टीबी मरीजो का चिन्हांकन कर उन्हें पोषण किट वितरित करने कहा गया। सीएचएमओ और महिला बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा बीएमओ और बाल विकास परियोजना अधिकारी को सप्ताह के दिन निर्धारित कर साथ में भ्रमण करने के निर्देश दिये गए। बैठक में पेयजल प्रदाय व्यवस्था एवं नलजल योजनाओं की समीक्षा की गई और नगरीय क्षेत्रों में डाग बाईट के प्रकरण रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने कहा गया। ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत अधिक से अधिक पाण्डुलिपियों का डिजिटलाईजेशन करने के निर्देश दिये।
बैठक में यह भी बताया गया कि जबलपुर संभाग ने वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत निरस्त एवं नवीन दावों के निराकरण में प्रदेश में सर्वोच्च प्रदर्शन किया है। बालाघाट जिला जबलपुर संभाग का हिस्सा होने के कारण इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बालाघाट जिले में नवचयनित चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना एवं मेडिकल बोर्ड में उपस्थिति की स्थिति की भी जानकारी प्रस्तुत की गई। जिले को आवंटित 54 चिकित्सा अधिकारियों में से 45 अधिकारियों ने मेडिकल बोर्ड में उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्य सचिव श्री जैन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करें तथा जल जीवन मिशन एवं अन्य विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें।
वीडियों कांफ्रेंस में कलेक्टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, डीपी बर्मन, वन मण्डलाधिकारी श्री रेशम सिंह धुर्वे, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।













