जिला ब्यूरो रिपोर्ट
स्वास्थ्य, पोषण और राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग, जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचाई जा रही सहायता

प्रभावित क्षेत्रों में पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों की सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर बैहर बना 24×7 कंट्रोल रूम
स्वास्थ्य, पोषण और राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग, जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचाई जा रही सहायता
बालाघाट जिले के विकासखंड बैहर एवं बिरसा के प्रभावित क्षेत्रों में विषम परिस्थितियों को देखते हुए पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों की सहायता और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए वन स्टॉप सेंटर, बैहर को 24×7 कंट्रोल रूम के रूप में संचालित किया जा रहा है। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा फील्ड से प्राप्त जानकारी के आधार पर जरूरतमंदों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।
वन स्टॉप सेंटर बैहर पूर्व से ही पीड़ित महिलाओं को 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित है। वर्तमान परिस्थितियों में इसकी भूमिका को और प्रभावी बनाते हुए प्रभावित क्षेत्रों के लिए इसे कंट्रोल रूम के रूप में भी उपयोग किया जा रहा है। कंट्रोल रूम की टीम फील्ड में तैनात कर्मचारियों के लगातार संपर्क में रहकर राहत एवं सहायता कार्यों की मॉनिटरिंग कर रही है।
स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं पर विशेष ध्यान
कंट्रोल रूम के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, समय पर स्वास्थ्य जांच और गंभीर रूप से बीमार बच्चों को उपचार के लिए रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों को गर्म एवं पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रभावित क्षेत्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मैदानी अमले के माध्यम से बच्चों तक समय पर नाश्ता एवं भोजन पहुंचाया जा रहा है। जो बच्चे अथवा परिवार विषम परिस्थितियों के कारण निर्धारित केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, उन तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के लिए घर-घर संपर्क किया जा रहा है।
फील्ड अमले से लगातार समन्वय
कंट्रोल रूम की टीम प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित अमले से लगातार संपर्क में रहकर स्थिति की जानकारी प्राप्त कर रही है। प्राप्त जानकारी के आधार पर आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य जांच, उपचार, रेफरल, पोषण एवं अन्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रयास है कि विषम परिस्थितियों के बावजूद प्रभावित क्षेत्रों में कोई भी जरूरतमंद महिला या बच्चा आवश्यक सहायता एवं सेवाओं से वंचित न रहे तथा राहत एवं पुनर्वास संबंधी कार्य समयबद्ध तरीके से जारी रहें।
24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी
आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए वन स्टॉप सेंटर, बैहर कंट्रोल रूम का 24×7 हेल्पलाइन नंबर 78796 04260 जारी किया गया है। प्रभावित क्षेत्र की महिलाएं, बच्चे एवं उनके परिजन अथवा अन्य जरूरतमंद व्यक्ति किसी भी समय इस नंबर पर संपर्क कर आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।













