बालाघाट जिले में 3792 किसानों से 35.57 करोड़ रुपए की, 01 लाख 50 हजार 140 क्विंटल धान की हुई खरीदी
सर्वाधिक खरीदी करने वाले केंद्रो की प्रतिदिन जांच की जाए :- कलेक्टर मृणाल मीणा

बालाघाट जिले में 3792 किसानों से 35.57 करोड़ रुपए की, 01 लाख 50 हजार 140 क्विंटल धान की हुई खरीदी
सर्वाधिक खरीदी करने वाले केंद्रो की प्रतिदिन जांच की जाए :- कलेक्टर मृणाल मीणा
कलेक्टर श्री मृणाल मीणा की अध्यक्षता में 04 दिसम्बर को जिला उपार्जन समिति की बैठक आयोजित की गई इस बैठक में जिले में चल रहे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आरके ठाकुर, उपायुक्त सहाकारिता श्री राजेश उइके, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के श्री पी जोशी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री सुनिल किरार, वेयर हाउस के प्रबंधक श्री पटले एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि जिले में 185 केद्रो पर 01 दिसम्बर से धान की खरीदी प्रारंभ कर दी गई है। 04 दिसम्बर की शाम तक जिले के 39 हजार 895 किसानों द्वारा धान विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग की गई है, इनमें से 3792 किसानों से 01 लाख 50 हजार 140 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को 35 करोड़ 56 लाख 81 हजार 660 रुपए का भुगतान किया जाना है। किसानों से खरीदे गए 3120 क्विंटल धान का परिवहन कर गोदामों में पहुंचाया जा चुका है। इस वर्ष प्रथम चार दिनों में ही गत वर्ष की तुलना में 05 गुना अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है।
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने निर्देशित किया कि जिले के जिन खरीदी केंद्रो पर अधिक मात्रा में धान की खरीदी हो रही है, उन पर कड़ी निगरानी रखी जाए ऐसे केंद्रो की प्रतिदिन कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक एवं नागरिक आपूर्ति निगम की टीम द्वारा जांच की जाए। जिले के सभी खरीदी केंद्रो पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी रखी जाए और सीसीटीवी कैमरे की फीड कंट्रोल रूम के साथ ही कलेक्टर चैम्बर के रूम में लाइव दिखायी जाए। किसानों से एफएक्यू गुणवत्ता की धान ही खरीदी जाए।
कलेक्टर श्री मीना ने सख्त निर्देश दिये कि कोई भी बिचौलिया या धान व्यापारी किसान के नाम पर अपनी धान विक्रय न कर पाए इसके पुख्ता इंतजाम किये जाए। किसी भी केंद्र में यदि कोई व्यापारी, बिचौलिया धान का विक्रय करते पाया जाए तो तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। जिले में बाहर की धान विक्रय के लिए न आने पाए इसके लिए सभी चेक पोस्टो पर कड़ाई से वाहनों की जांच करने के निर्देश दिये गए। कलेक्टर मृणाल मीणा ने कहा कि खरीदी केंद्रो पर किसानों से खरीदी गई धान का तेजी से उठाव किया जाए। उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी को निर्देशित किया कि खरीदी केंद्रो से धान के उठाव एवं परिवहन पर विशेष ध्यान दे।













