बड़ी खबरमध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों की खु‍शहाली के लिये दिये 337.12 करोड रुपये की धान प्रोत्सा‍हन राशि

  1. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों की खु‍शहाली के लिये दिये 337.12 करोड रुपये की धान प्रोत्सा‍हन राशि

किसानों एवं युवाओं के भविष्य सुरक्षित करने के लिये प्रदेश में हुई अभिनव पहल – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटंगी में 245 करोड की लागत के विकास कार्यो का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

नेशनल पार्क से लगे किसानों के खेतों की सुरक्षा के लिये लगाई जायेगी सोलर फेंसिंग

जिले के 3500 युवाओं को मिला रोजगार, मुख्यमंत्री ने सौपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट जिला सौभाग्यशाली है, क्योंकि इसे भगवान का आशीर्वाद मिला है। पहले लोग बालाघाट के नाम से ही घबराते थे और यहां आने के लिये विचार करते थे। कभी क्षेत्र के युवा रोजगार की तलाश में भटकते हुए गलत राह पर चल पड़े थे, लेकिन अब समय बदल गया है। उन्होंने कहा कि यहां के किसानों और जवानों के खून-पसीने से क्षेत्र की तस्वीर बदली है और विकास की नई राहें खुली हैं। प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और सम्मानजनक जीवन देने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बालाघाट जिले के कटंगी में मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को प्रोत्सांहन राशि वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना अंतर्गत प्रदेश के 669272 किसानों के खाते में 337.12 करोड रुपये के धान प्रोत्साहन राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। उन्होंने 244 करोड 52 लाख रुपये के 78 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया तथा जिले के ग्रामीण व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 3500 युवाओं को प्रायवेट कम्पनियों में नियुक्ति के पत्र सौपें। कार्यक्रम में बालाघाट, मण्डला, डिण्डौरी जिले के नक्स‍ल प्रभावित क्षेत्र के 815 युवाओं को विशेष सहयोगी दस्ता में नियुक्ति के पत्र दिये गयें। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया।

इस अवसर पर जिले के प्रभारी तथा परिवहन व स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, पीएचई मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री राजकुमार कर्राहे, मप्र पिछडा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन, श्री रामकिशोर कावरे, श्री प्रदीप जायसवाल, श्री लोचनलाल ठाकरे, पूर्व विधायक श्री रमेश भटेरे, श्री भगतसिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य, कृषि विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव श्री अशोक वर्णवाल, जबलपुर संभाग के कमिश्नर श्री धनंजय सिंह, कलेक्टर श्री मृणाल मीना सहित अन्य‍ जनप्रतिनिधी व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बालाघाट, मण्डला एवं डिण्डोंरी जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के 815 युवाओं को पुलिस में विशेष सहयोगी दस्ता के पद पर नियुक्ति कर न केवल उनका भविष्य सुरक्षित किया जा रहा है, बल्कि क्षेत्र की रक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्थानीय लोगों से बेहतर अपने क्षेत्र को कोई नहीं जानता, इसलिए उनकी भागीदारी से विकास और सुरक्षा दोनों मजबूत होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में प्रदेश और देश से नक्सली गतिविधियों को समाप्त करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मार्च 2026 तक नक्सली गतिविधियों का पूरी तरह अंत हो जाएगा और शांति एवं समृद्धि का वातावरण स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रदेश की महिलाएं लाड़ली बहना योजना की राशि से परिवार की जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू खर्चों में इसे लगाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना में बहनों को मिलने वाली 1250 रुपए की राशि को दिवाली के त्योहार के बाद 1500 रुपए कर दिया जाएगा।

जिसके घर गाय वह गोपाल – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध है और इसके लिये विशेष कानून बनाया गया है। नए कानून के तहत गौ हत्या करने या इसमें संलिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गौ वंश की तस्करी करने वालों को जेल भेजा जा रहा है और उनके वाहनों को राजसात किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौ पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। “जिसके घर गाय वह गोपाल” की परिकल्पना के तहत 25 से अधिक गायों का पालन करने वाले व्यक्तियों को 40 लाख रुपये तक का ऋण तथा 10 लाख रुपये तक का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी तरह गौशालाओं में भी प्रति गाय 40 रुपये अनुदान राशि प्रदान कर गौ संरक्षण और प्रबंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने की विभिन्न घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में क्षेत्रीय विधायक श्री गौरव सिंह पारधी की मांग पर अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएँ की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग और क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने कटंगी–सिवनी सडक मार्ग पर खिड़कीघाट में उच्च स्तरीय पुल, कटोरी–भोरगढ़ पंचायत मार्ग, खमरिया–बिसापुर, कोडबी–महकेपार, कटेदरा–मानेगांव, बोपली–कटेरा तथा दिग्धा-कोडबी मार्ग सहित नंदलेसरा–अतरी मार्ग पर चनई नदी पर पुल एवं बिछुवा–चंदाडोह मार्ग पर पुल निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कतरकना व दुधारा में स्‍वास्‍थ्‍य केन्द्र निर्माण तथा नवेगांव, टेकाड़ी तथा लिंगापौनार के हाईस्कूल का हायर सेकेंडरी में उन्नयन करने और कटंगी नगरीय क्षेत्र के तालाब के उन्नयन कार्य हेतु 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कटंगी क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिये राजीव सागर परियोजना से नहलेसरा बांध की इंटरलिंकिंग परियोजना का परीक्षण कर कार्य कराया जाएगा। उन्होंने नेशनल पार्क से लगे किसानों के खेतों की फसलों की जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग लगाने की घोषणा की। उन्होनें पिछले दिनों वन्य जीवों के कारण मृत व्यक्तियों के परिजनों को पूर्व में दी गई 8-8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के अतिरिक्ति 17-17 लाख रुपये राशि प्रदाय करने की घोषणा की। मंचीय कार्यक्रम के पहले मुख्य मंत्री डॉ. यादव एवं अन्य अतिथियों ने कन्या पूजन, भगवान बलराम जी की छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किये। कार्यक्रम में बने रैम्प मे चलकर उन्होनें किसानों पर पुष्प वर्षा की एवं उनका अभिवादन किया।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों को धान प्रोत्साहन राशि मिलने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का यह कदम किसानों के लिए बड़ा संबल साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव का बालाघाट जिले के प्रति एक अलग ही स्नेह है। आज धान का बोनस, मंडला, बालाघाट एवं डिंडोरी के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को नियुक्ति पत्र, करोड़ों रुपए की विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है। इसके लिए स्थानीय विधायक सहित जिला प्रशासन को बधाई।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने इस कार्यक्रम में गोंडी बोली में उद्बोधन दिया। उनके संबोधन को सुनकर उपस्थित जनसमूह में विशेष उत्साह और गर्व का माहौल रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों की चिंता को समझा है और उनके हित में कई निर्णय लिए है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और समय पर लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। धान प्रोत्साहन राशि वितरण जैसी योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

स्थानीय विधायक श्री गौरव सिंह पारधी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि युवाओं को रोज़गार देने,क्षेत्र में उद्योगों की श्रृंखला स्थापित कर आर्थिक विकास के साथ ही अन्नदाता किसानों की चिंता मुख्यमंत्री डॉ यादव ने की है। विधायक श्री पारधी ने बताया कि पिछली बार जब मुख्यमंत्री बालाघाट आए थे तब उन्होंने वादा किया था कि वे कटंगी जरूर आएंगे आज उन्होंने अपना वादा पूरा किया है। आज उनके मुख्य आतिथ्य में धान प्रोत्साहन राशि मील का पत्थर साबित होगी।उनका यह निर्णय न केवल कृषि क्षेत्र को मजबूती देगा, बल्कि अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी में किया विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बालाघाट के कटंगी प्रवास के दौरान किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम में कृषि और कृषि से जुड़े विभागों ने प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और कृषि नवाचार को बढ़ावा देने वाले पेडी ट्रांसप्लांटर का निरीक्षण कर उसे चलाया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की लखपति बहनों के साथ बातचीत की, जिन्होंने तुअर दाल बनाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। डॉ. यादव ने लखपति बहनों के कार्य की सराहना की और स्वदेशी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।

Author

  • खबर एमपी न्यूज़ एक्सप्रेस'

    एक भरोसेमंद चैनल है जो जनता की आवाज़ को बुलंद करता है।यह चैनल निष्पक्ष, ताज़ा और ज़मीनी हकीकत से जुड़ी खबरें दिखाने के लिए समर्पित है।देश के हर कोने से विश्वसनीय और सच्ची रिपोर्टिंग इसकी पहचान होगी।

Khabrmpnewsexpress

खबर एमपी न्यूज़ एक्सप्रेस'

एक भरोसेमंद चैनल है जो जनता की आवाज़ को बुलंद करता है।यह चैनल निष्पक्ष, ताज़ा और ज़मीनी हकीकत से जुड़ी खबरें दिखाने के लिए समर्पित है।देश के हर कोने से विश्वसनीय और सच्ची रिपोर्टिंग इसकी पहचान होगी।

Related Articles

Back to top button