
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने कार्रवाई,
पौनी मोहगांव में अजय ट्रेडस से 112 बोरी धान जब्त
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसानों के हितों की रक्षा एवं किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में धान व्यापारियों एवं राइस मिलर्स के प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। यह निरीक्षण राजस्व, खाद्य आपूर्ति तथा वेयरहाउसिंग विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा किया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यापारी या बिचौलिया किसान के नाम पर धान का विक्रय न कर सके।
इसी क्रम में 20 दिसंबर को अधिकारियों की टीम द्वारा पौनी मोहगांव क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में धान का अवैध भंडारण पाया गया। जांच में अजय ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान से 112 बोरी धान बरामद की गई, जिसे तहसीलदार बिरसा के निर्देश पर जब्त कर सीलिंग की कार्रवाई की गई। समर्थन मूल्य पर उपार्जन की अवधि समाप्त होने तक जब्त की गई इस धान बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में इस प्रकार की निरीक्षण एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि किसानों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके और खरीदी प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी बनी रहे।













