बड़ी खबरमध्य प्रदेश

जनसुनवाई में कलेक्‍टर ने सुनी आवेदकों की समस्‍या 114 आवेदक अपनी समस्‍या लेकर आए 

जनसुनवाई में कलेक्‍टर ने सुनी आवेदकों की समस्‍या 114 आवेदक अपनी समस्‍या लेकर आए

प्रत्‍येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में 14 अक्‍टूबर को कलेक्‍ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्‍टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्‍त कलेक्‍टर श्री राहुल नायक, डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री प्रदीप कौरव, एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने अन्‍य विभागों के अधिकारियों के साथ आवेदकों की समस्‍याओं को सुना और संबंधित विभाग को उनका निराकरण करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में 114 आवेदक अपनी समस्‍या लेकर आए थे।

 

जनसुनवाई में वारासिवनी तहसील के ग्राम कोचेवाही निवासी रूपेंद्र कुमार राउत प्रधानमंत्री आवास योजना का लेवर पेमेंट दिलाने की मांग लेकर आए थे। रूपेंद्र का कहना था कि वर्ष 2021-22 में उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्‍वीकृत किया गया था, उसका आवास पूर्ण हो चुका है लेकिन आवास के लेवर पेमेंट का भुगतान अब तक नही किया गया है। ग्राम रोजगार सहायक प्रमोद पटले द्वारा लेवर पेमेंट भुगतान में टाल-मटोल की जा रही है। अत: उसे लेवर पेमेंट की राशि शीघ्र दिलायी जाए। इस पर मनरेगा के परियोजना अधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। जनसुनवाई में वन ग्राम कुर्थीटोला के ग्रामीण अपने गांव तक पहुंच के लिए वनग्राम खारा से कुर्थीटोला होते हुए पंचेरा तक पक्‍की सड़क बनाने की मांग लेकर आए थे। ग्रामीणों का कहना था कि खारा से कुर्थीटोला के बीच क्षतिग्रस्‍त पुलियॉ का फिर से निर्माण कराया जाए। इस पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ईकाई के महाप्रबंधक को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

जनसुनवाई में बैहर तहसील के ग्राम लूद की मीना टेकाम शिकायत लेकर आयी थी कि वह 75 प्रतिशत दिव्‍यांग है। उसे पूर्व में 01 हजार रुपए की विकलांग पेंशन मिलती थी, अब यह कम होकर 600 रुपए हो गई है। दिव्‍यांग होने के बाद भी उसे ट्राईसिकल की सुविधा का लाभ नही मिला है। इस पर सामाजिक न्‍याय विभाग की जिला समन्‍वयक को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। शिक्षा विभाग में सहायक ग्रेड-3 सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्य करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी शिकायत लेकर आए थे कि उनका माह जुलाई, अगस्‍त एवं सितम्‍बर का वेतन अब तक नही दिया गया है। उन्‍हें उच्‍च कुशल श्रमिक का वेतन दिया जाना था, लेकिन उन्‍हे यह वेतन नही दिया जा रहा है और समय पर वेतन भुगतान भी नही किया जा रहा है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

खैरलांजी तहसील के ग्राम कुम्‍हली के विष्‍णु, तुलसीराम और दानेंद्र शिकायत लेकर आए थे कि उनके द्वारा हल्‍का पटवारी को भू-अभिलेख में नामांतरण के लिए आवेदन किया गया था। नामांतरण का आदेश पारित होने के बाद भी पटवारी द्वारा भू-अभिलेख में रिकॉर्ड दुरूस्‍त नही किया जा रहा है। इस पर खैरलांजी तहसीलदार को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। किरनापुर तहसील के ग्राम बड़गांव की निर्मला सोनवाने शिकायत लेकर आयी थी कि उसके पास अन्‍त्‍योदय अन्‍न योजना का राशन कार्ड है जिस पर उसे हर माह 35 किलो अनाज मिल रहा था। लेकिन लगभग 03 वर्षों से उसे हर माह 15 किलो अनाज ही मिल रहा है। अत: उसके राशन कार्ड पर 35 किलो राशन दिया जाए। इस प्रकरण में जिला आपूर्ति अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

जनसुनवाई में बिरसा क्षेत्र के युवा देवम सिंह मरकाम, चैतराम तुरकर, बिपत राठौर, लक्ष्‍मी पटले, मनोरमा मातरे एवं रीता साहू शिकायत लेकर आए थे कि जनपद पंचायत बिरसा द्वारा बिना विज्ञापन निकाले 19 सितम्‍बर को 02 डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं 01 भृत्‍य की नियुक्ति कर दी गई है। यह नियुक्तियॉ अवैध है अत: इनकी जांच कर अवैध नियुक्ति निरस्‍त किया जाए। इस प्रकरण में जनपद पंचायत बिरसा के सीईओ को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है। तिरोड़ी तहसील के ग्राम दुल्‍हापुर की गीता सहारे संबल योजना का लाभ दिलाने के मांग लेकर आयी थी। गीता का कहना था कि उसके पति राधेश्‍याम सहारे की 23 जुलाई 2025 को मृत्‍यु हो गई है, लेकिन उसे संबल कार्ड का कोई लाभ नही मिल रहा है। इस पर जनपद पंचायत कटंगी के सीईओ को प्रकरण की जांच कर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

बैहर तहसील के ग्राम हर्रानाला, बिठली, आमानाला, बोड़खी के ग्रामीण शिकायत लेकर आए थे कि उनका बिजली बिल पहले की तुलना में काफी अधिक आ रहा है। पहले उनका बिल 150 से 200 रुपए प्रतिमाह आता था, लेकिन माह जुलाई, अगस्‍त, सितम्‍बर में उनका बिजली का बिल 2100 से 2400 रुपए मासिक तक आ रहा है। जबकि वे अपने घरो में कूलर, फ्रिज या अन्‍य उपकरण का उपयोग नही करते है। उनके गांव में बिजली भी 24 घंटे नही रहती है। अत: उनका बिजली बिल कम कराया जाए जिससे वे बिल का भुगतान कर सके। किरनापुर तहसील के ग्राम नेवरगांव कला की अनिता कुतराहे शिकायत लेकर आयी थी कि उसने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान बनाया है। उसके मकान के चारो तरफ बिजली के ट्रांसफार्मर लगे है, लेकिन उसे अब तक बिजली कनेक्‍शन नही दिया गया है। जिसके कारण कक्षा 11वीं एवं 12वीं में पढ़ाई कर रहे दोनो बेटो को परेशानी हो रही है। अत उसे शीघ्र बिजली कनेक्‍शन दिलाया जाए। इन दोनों प्रकरणों में एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

Author

  • खबर एमपी न्यूज़ एक्सप्रेस'

    एक भरोसेमंद चैनल है जो जनता की आवाज़ को बुलंद करता है।यह चैनल निष्पक्ष, ताज़ा और ज़मीनी हकीकत से जुड़ी खबरें दिखाने के लिए समर्पित है।देश के हर कोने से विश्वसनीय और सच्ची रिपोर्टिंग इसकी पहचान होगी।

Khabrmpnewsexpress

खबर एमपी न्यूज़ एक्सप्रेस'

एक भरोसेमंद चैनल है जो जनता की आवाज़ को बुलंद करता है।यह चैनल निष्पक्ष, ताज़ा और ज़मीनी हकीकत से जुड़ी खबरें दिखाने के लिए समर्पित है।देश के हर कोने से विश्वसनीय और सच्ची रिपोर्टिंग इसकी पहचान होगी।

Related Articles

Back to top button