बालाघाट ब्यूरो रिपोर्ट
पीएम स्वनिधि एवं खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना हितग्राहियों को किया लाभान्वित

नगर पालिका बालाघाट कार्यालय में मनाई पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि
पीएम स्वनिधि एवं खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना हितग्राहियों को किया लाभान्वित

बालाघाट। एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा मनाई गई। उनके आदर्शो और विचारों को साझा किया गया वहीं अंत्योदय के लक्ष्य के अनुरूप शासकीय योजनाओं को पहुंचाते हुए हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना तथा मप्र भवन निर्माण एवं संनिनिर्माण कर्मकार मण्डल की खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को राशि दिये जाने चेक दिये गये। साथ ही स्ट्रीट वेंडर को क्रेडिट कार्ड भी दिया गया।
उपाध्याय जी ने दिया अंत्योदय का मंत्र-भैरम
सर्वप्रथम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई इसके उपरांत उनके विचारों एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यो से उद्बोधन देकर अवगत कराया गया। भाजपा जिला महामंत्री नरेन्द्र भैरम ने बताया कि निष्काम कर्मयोगी एवं महान विचारकउपाध्याय जी की पुण्यतिथि मनाई जा रही है भाजपा नगर मण्डल (उ.) द्वारा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करते हुए नगरपालिका के साथ मिलकर पुण्यतिथि मनाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने बताया कि पं. उपाध्याय ने एकात्म मानवदर्शन के माध्यम से उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का जो अंत्योदय मंत्र दिया उसे हमारी सरकार एवं नगर पालिका परिषद पूरा कर रही है क्योंकि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार है। राष्ट्र सेवा और समर्पण के उनके आदर्श सदैव हमारा मार्ग प्रशस्त करते रहेंगे।
सेवा समर्पण और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है उपाध्याय जी का जीवन-नपाध्यक्ष ठाकुर

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय युगपुरूष रहे है उनका जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार देशवासियों को सदैव जनसेवा और राष्ट्रकल्याण के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए हम इसलिए भी गौरव की अनुभूति करते है क्योंकि उनके ही विचार है कि शासकीय योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाया जाये और लाभान्वित किया जाये। इस अवसर की प्रतीक्षा लाभार्थियों की अपेक्षा हम जनसेवको एवं कार्यकर्ताओं को अधिक होती है जब कोई पात्र हितग्राही को लाभ दिला पाते है। उन्होंने बताया कि उपाध्याय जी की प्रेरणा से ही हम समाज और राष्ट्र की सेवा के लिये काम कर रहे है।
हॉकी खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन और स्ट्रीट वेंडर को मिला क्रेडिट कार्ड
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद योजना शाखा के माध्यम से मप्र भवन निर्माण एवं संनिर्माण कर्मकार मण्डल की खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 2 हॉकी खिलाडिय़ों के लिये उनके अभिभावकों को 50-50 हजार रूपये की राशि के डमी चेक प्रदान किये गये। इन खिलाडिय़ों में रजनी पिता संतोष मरठे तथा रिद्धि सरीता मुनेश्वर शामिल है जिनके खेल प्रतिभाओं को निखारने का शासन की योजना का लाभ दिलाकर प्रयास किया गया है। उसी प्रकार कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बालाघाट नगर की ज्योति बगाड़े, मनीष बगाड़े, उजमा खान, गंगा कुमरे, स्नेहलता झारिया, बलवंत समरित, संदीप वरकड़े, तारा सहारे 20 से लेकर 50 हजार रूपये तक की राशि बैंक खाते में दिये जाने डमी चेक सौंपा गया। इन हितग्राहियों में संदीप वरकड़े ऐसे हितग्राही थे जिन्हें पीएम स्वनिधि योजना की राशि को अच्छे तरीके से उपयोग किये गये जाने पर उन्हें क्रेडिट कार्ड दिया गया है। सभी हितग्राहियों को पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के बताये हुये मार्ग पर चलते हुए आत्मनिर्भर और राष्ट्र नवनिर्माण में भूमिका निभाने के लिये प्रेरित किया गया।
इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर प्रमुख रूप से नगर पालिका परिषद बालाघाट अध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री नरेन्द्र भैरम, बालाघाट नगर मण्डल (उ.)अध्यक्ष रमाकांत डहाके, नपा सभापति समीर जायसवाल, संगीता कावरे, योगिता बोपचे, उज्जवल आमाडारे, संगीता थापा, खगेश कावरे, विनय बोपचे, संजू वराड़े, डे-एनयूएलएम शाखा प्रभारी ममता नगपुरे, योजना शाखा प्रभारी मौसम खंडोते सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।













