
99 हजार 346 किसानों से 1182.82 करोड़ रुपए की खरीदी गई धान
समर्थन मूल्य पर 49 लाख 92 हजार 935 क्विंटल धान की हुई खरीदी
किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने के लिए प्रदेश शासन की उपार्जन नीति के अनुरूप खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 01 दिसम्बर 2025 से की जा रही है, जो 20 जनवरी 2026 तक चलेगी। चालू सीजन में जिले में 06 जनवरी 2026 की शाम तक 99 हजार 346 किसानों से 1182 करोड़ 82 लाख 63 हजार 15 रुपए की 49 लाख 92 हजार 935 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा चुकी है। किसानों से खरीदे गए धान का तेजी से उठाव कर गोदामों में पहुंचाया जा रहा है। अब तक 85 प्रतिशत से अधिक धान का परिवहन किया जा चुका है। किसानों को 700 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी श्री आर के ठाकुर ने बताया कि जिले में 185 धान खरीदी केंद्रो पर पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। खरीदी केंद्रो पर किसानों से खरीदी गई धान का तेजी से उठाव कर परिवहन किया जा रहा है और गोदामों में पहुंचाया जा रहा है। अब तक 40 लाख 72 हजार 215 क्विंटल धान का परिवहन कर गोदामों में पहुंचाया गया है, जो कि कुल खरीदी गई धान का 85 प्रतिशत है।
किसानो के खाते में पहुंची 700 करोड़ रुपए की राशि
अब तक किसानों को 700 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है और यह राशि उनके खाते में पहुंच गई हैं। उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 01 लाख 30 हजार 37 किसानों द्वारा अपना पंजीयन किया गया है। इसमें से 01 लाख 18 हजार 34 किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग की जा चुकी है। जिले के जिन खरीदी केंद्रो पर अधिक मात्रा में धान की खरीदी हो रही है, उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही हैं। खरीदी केंद्रो से धान का उठाव कर उसे शीघ्रता से गोदामों में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। किसानों से कहा गया है कि शासन की उपार्जन नीति के अनुसार एफएक्यू गुणवत्ता का धान ही समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। अत: वे अपनी धान को अच्छी तरह से साफ कर एवं सुखाकर ही विक्रय के लिए लाए। उल्लेखनीय है कि जिले में गत वर्ष 01 लाख 09 हजार 961 किसानों से 54 लाख 99 हजार 620 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई थी।













