बालाघाट
बैगा महोत्सव का आयोजन 17 एवं 18 जनवरी को प्रगति मैदान मलाजखंड में किया जाएगा

बैगा महोत्सव 17–18 जनवरी को प्रगति मैदान में, खेल प्रतियोगिताओं का होगा भव्य आयोजन
बैगा समाज की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा पारंपरिक एवं लोक खेलों के संरक्षण और प्रोत्साहन के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मृणाल मीना के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा बैगा महोत्सव का आयोजन 17 एवं 18 जनवरी को प्रगति मैदान मलाजखंड में किया जाएगा। इस महोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताएँ चरणबद्ध रूप से आयोजित की जाएंगी।
प्रारंभिक चरण में जोनल टूर्नामेंट का आयोजन 9 एवं 10 जनवरी को किया जाएगा, जिसमें 44 जोनों में विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएँ संपन्न होंगी। जो प्रतिभागी किसी कारणवश जोनल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले पाएंगे, उन्हें ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर मिलेगा। इसके तहत 11 जनवरी को ब्लॉक स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए खेल परिसर मैदान बैहर, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरसा का खेल मैदान एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसवाड़ा का खेल मैदान निर्धारित किया गया है। इन चरणों में चयनित टीमों एवं खिलाड़ियों के मध्य नॉकआउट एवं फाइनल मुकाबले 17 एवं 18 जनवरी को प्रगति मैदान में आयोजित किए जाएंगे, जहां विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इन चरणों के उपरांत चयनित टीमों एवं प्रतिभागियों के बीच नॉकआउट एवं फाइनल मुकाबले 17 एवं 18 जनवरी को प्रगति मैदान में आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकशी, तीरंदाजी, गिल्ली-डंडा, त्रिटंगी दौड़, बोरा दौड़, पिट्ठू और कंचे जैसी खेल प्रतियोगिताएँ होंगी। यह आयोजन बैगा समाज के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त एवं प्रेरणादायी मंच सिद्ध होगा, साथ ही पारंपरिक खेलों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी बनेगा। जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।













