बालाघाट
देश एवं समाज के नवनिर्माण के लिए युवाओ को सशक्त बनना होगा---मंत्री श्री सारंग

सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए खेल युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग
देश एवं समाज के नवनिर्माण के लिए युवाओ को सशक्त बनना होगा—मंत्री श्री सारंग
बालाघाट, कटंगी, लांजी एवं वारासिवनी में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स बनाने की घोषणा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है। भविष्य में देश को कैसा बनाना है और उसका क्या स्वरूप होगा, इसकी प्लानिंग वर्तमान में ही करना होगा। इसके लिए देश के युवाओ को देश एवं समाज के नवनिर्माण में लगाना होगा और इसके लिए युवाओ को शारीरिक, मानसिक व सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनना होगा। इसमें खेलों के आयोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है। मध्यप्रदेश शासन के खेल युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग ने 23 दिसम्बर को बालाघाट में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में उपस्थित खिलाडि़यों, युवाओ एवं आमजन को सम्बोधित कर रहे थे।
16 से 23 दिसम्बर तक आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री राजकुमार कर्राहे, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर नानो कावरे, श्री प्रदीप जायसवाल, कलेक्टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, सिवनी जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जिला पंचायत सदस्य श्री डुलेंद्र ठाकरे, श्री तामेश्वर पटले, श्री झामसिंह नागेश्वर, श्री उमेश देशमुख, जनपद पंचायत किरनापुर के अध्यक्ष श्री कल्याण सिंह राणा, श्री किरण भाई त्रिवेदी, श्री गणेश अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश रंगलानी, श्रीमती लता एलकर, श्री सत्यनारायण अग्रवाल, सिवनी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेश त्रिवेदी, श्री शैलेंद्र सेठी, नगर पालिका के पार्षद, जिला खेल अधिकारी श्री अभिषेक चौधरी, आयोजन समिति के सदस्य श्री जैनेंद्र कटरे, डॉ. अक्षय कटरे एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री श्री विश्वास सारंग ने बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र की जनता को जागरूक एवं दबंग सांसद चुनने के लिए बधाई देते हुए कहा कि सांसद श्रीमती भारती पारधी एवं उनकी टीम ने इस बड़े कार्यक्रम का अच्छा आयोजन किया है। देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार खेलों को प्रोत्साहित कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर दे रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने से देश में आमूल-चुल परिवर्तन हुए है। हर क्षेत्र के समग्र विकास पर ध्यान दिया गया है। खेती को लाभ का धंधा बनाया गया है, युवाओ को रोजगार के साथ ही खेलों में आगे आने के अवसर दिये जा रहे है, महिलाओं को सम्मान दिया गया है और कमजोर व गरीब वर्ग के लोगो को आयुष्मान कॉर्ड पर साल में 05 लाख रुपए तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा दी गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश में विकास और कल्याण को बढ़ाने का काम किया है।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि पहले बालाघाट जिला नक्सल प्रभावित क्षेत्र के नाम से कुख्यात था और यहॉं पर नक्सली खुनी खेल खेलते थे। लेकिन अब हालात बदल गए है। प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं गृह मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प एवं निश्चय से देश से आतंकवाद एवं नक्सलवाद को जड़मूल से समाप्त कर दिया गया है। हमारा देश अब तक लार्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति पर चल रहा था, अब प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस पद्धति की खामियों के मूल को समझा है और उसे बदलने का निश्चय कर लिया है। अब युवाओ को शिक्षा के साथ साथ रोजगार, सांस्कृतिक, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र की भी शिक्षा दी जाएगी।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश पहले खेलों के मामले में देश में 16वें या 17वें स्थान पर आता था, लेकिन अब प्रदेश सरकार द्वारा खेलों के विकास पर लगातार किये जा रहे कामों एवं नवाचारों से प्रदेश तीसरे स्थान पर आ गया है। उनका प्रयास है कि खेलों के मामले में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर रहें। उन्होंने कहा कि खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए आगामी 10 से 31 जनवरी तक मध्यप्रदेश में खेलों एमपी यूथ कार्यक्रम का सभी जिलों में आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन खेल एसोसिएशन के साथ किया जाएगा और उसी से प्रदेश की टीमों का चयन किया जाएगा।
मंत्री श्री सारंग ने कार्यक्रम में घोषणा की कि बालाघाट में इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के साथ सर्वसुविधा युक्त स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसी प्रकार कटंगी, लांजी एवं वारासिवनी (खैरलांजी) विधानसभा क्षेत्र में भी एक-एक स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जाएगा। मंत्री श्री सारंग ने बालाघाट के स्टेडियम में फ्लड-लाईट लगाने की भी घोषणा की।
बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने इस अवसर पर उपस्थित खिलाडि़यों एवं जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप खेलों इंडिया के तहत यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि युवा खेलेगा तभी तो आगे बढ़ेगा। सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि बालाघाट-सिवनी संसदीय क्षेत्र विविधताओं से भरा हुआ है। इसमें खेल सुविधाओं के लिए साधनों की कमी हो सकती है, लेकिन यहॉं की युवाओं में साधना की कमी नही है। जरूरत है उन्हें हर तरह की सुविधाऍ उपलब्ध कराकर अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाए। इस अवसर पर उन्होंने मंत्री श्री सारंग के समक्ष गर्रा में क्रिकेट स्टेडियम, बालाघाट में मल्टी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, स्टेडियम में फ्लड-लाईट लगाने एवं पुलिस लाईन ग्राउंड में सिंथेटिक बास्केटबाल कोर्ट बनाए जाने की मांग रखी।
कार्यक्रम में कटंगी विधायक श्री गौरव सिंह पारधी कटंगी में स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स एवं फुटबाल एसोसिएशन अकादमी की स्थापना करने की मांग रखी। लांजी विधायक श्री राजकुमार कर्राहे ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लांजी एवं किरनापुर में एक-एक स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाने की मांग रखी।
खेल महोत्सव के समापन अवसर पर बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मेच खेला गया। जिसमे सिवनी विधानसभा की टीम ने बालाघाट विधानसभा की टीम को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। बालक वर्ग की इस प्रतियोगिता में परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में विधानसभा सिवनी ने प्रथम, परसवाड़ा ने द्वितीय एवं बैहर ने तृतीय स्थान हासिल किया है। मंत्री श्री सारंग एवं अतिथियों द्वारा विजेता टीमों को ट्राफी, शील्ड एवं पुरूष्कार का वितरण किया।
मंत्री श्री सारंग के मुलना स्टेडियम पहुंचने पर पारंपरिक बैगा नृत्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर शांति एवं भाईचारे का संदेश देने वाले गुब्बारे छोड़े गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम की धुन बजाई गई।













