17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले में मनाया जायेगा सेवा पर्व

17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक जिले में मनाया जायेगा सेवा पर्व
कलेक्टर ने अधिकारियों को सेवा पर्व के लिए कार्ययोजना तैयार करने दिये निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर प्रदेश में आगामी 17 सितम्बर से सेवा पर्व मनाया जाएगा। सेवा पर्व का समापन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर किया जायेगा। इस पर्व के दौरान प्रदेश में नागरिक सेवाओं और सुविधाओं की बेहतरी और इन्हें सहज रूप से नागरिकों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। इस पर्व के दौरान जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को सेवा पर्व के रूप में मनाकर नागरिकों तक सेवाओं के सुगम प्रदाय की व्यवस्था की जायेगी। इस अभियान में जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक, राजनैतिक एवं धार्मिक संगठन सभी अपनी भागीदारी करेंगे।
जिले में सेवा पर्व के आयोजन को लेकर 11 सितम्बर को कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक अयोजित की गई। इस बैठक में अधिकारियों को सेवा पर्व के दौरान किये जाने वाले कार्यों एवं गतिविधियों के लिए सभी आवश्यक तैयारी करने एवं विभागवार कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये गये और कहा गया कि 17 सितम्बर को जिला स्तर से लेकर ग्राम स्तर तक वृहद स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन कर सेवा पर्व का शुभारंभ किया जाये।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर एवं जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी श्री राहुल नायक ने बताया कि सेवा पर्व के दौरान जिले के नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान के अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए कार्यक्रम अयोजित किये जायेंगें। सिंगल यूज प्लास्टिक की थैलियों को जब्त करने एवं इस पर जुर्माने की कार्यवाही की जायेगी। आम जन को कपड़े के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा और कपड़े के थैलों का वितरण किया जायेगा। इस पर्व के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जायेगा और 17 सितम्बर से स्वस्थ्य नारी सशक्ति परिवार अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अंतर्गत महिलाओं में स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाऍ उपलब्ध करायी जाएगी। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, किशोरी बालिकाओं में पोषण व एनीमियॉ के प्रति जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रो में रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, एनीमियॉ, सिकलसेल, क्षयरोग, नेत्र रोग, कुष्ठ रोग की स्कैनिंग की जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा भी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सेवा पर्व के दौरान जनजाति कार्य विभाग द्वारा जिले के जनजाति बाहुल्य 200 ग्रामों में आदि सेवा पर्व मनाया जाएगा और इन ग्रामों में सभी पात्र लोगो को शासन की योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ दिलाने का कार्य किया जाएगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा इस पर्व के दौरान जल स्त्रोतों एवं हेण्डपंप के आस-पास स्वच्छता का अभियान चलाया जाएगा और नलजल योजना के अंतर्गत नल कनेक्शन प्राप्त करने वाले हितग्राहियों का प्रमाणीकरण किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना में अधिक से अधिक बालिकाओं को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र एवं आईटीआई द्वारा युवाओं के लिए रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग द्वारा विभागीय छात्रावासों में स्वच्छता के साथ सामाजिक कार्यों के प्रति जागरूकता का अभियान चलाया जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान द्वारा 17 सितम्बर को शालाओं में स्वच्छता रैली निकाली जाएगी और पौधारोपण व कचरा प्रबंधन के कार्य कराए जाएंगे।
सेवा पर्व के दौरान कृषि विभाग द्वारा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा। गोबर एवं अन्य जैविक पदार्थों से जैविक खाद तैयार करना बताया जाएगा। अग्रणी बैंक द्वारा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में अधिक से अधिक लोगो को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा और विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं में बैंको के माध्यम से ऋण वितरण कराया जाएगा।