बड़ी खबरमध्य प्रदेश

जिला ब्यूरो रिपोर्ट

वीर जवानों के साहस से नक्सल मुक्त हुआ बालाघाट क्षेत्र

नक्सलवाद के ख़ात्मे से विकास की नई राह – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

वीर जवानों के साहस से नक्सल मुक्त हुआ बालाघाट क्षेत्र

वन और खनिज संपदा से समृद्ध जिले को मिलेगा विकास का नया आयाम

बालाघाट में होगी कृषि कैबिनेट- मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव

सुरक्षा बल के जवानों को आउट ऑफ़ टर्न प्रमोशन, अलंकरण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव

101 करोड़ से अधिक राशि के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बालाघाट क्षेत्र को प्रकृति ने वन संपदा, जल संपदा और खनिज संपदा का भरपूर आशीर्वाद दिया है। यहां की धरती प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और यह क्षेत्र आत्मबल तथा परिश्रम की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि “बालाघाट” नाम ही इस बात का प्रतीक है कि यहां के लोग हिमालय जैसी कठिन चुनौतियों को भी अपने आत्मबल से पार करने की सामर्थ्य रखते हैं। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव बालाघाट में नक्‍सल उन्‍मूलन अभियान में अदम्‍य साहस का परिचय देने वाले 60 जवानों को आउट-आफ-टर्न पदोन्‍नति देने के अवसर पर पुलिस लाईन में आयोजित अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले में 101 करोड़ रुपये की लागत के 27 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से बालाघाट जिले के 32 पुलिस थानों एवं कार्यालयों को अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आईएसओ प्रमाणन प्रदान किया। यह उपलब्धि गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज की गई। इस अवसर पर बालाघाट जिले में विगत 35 सालों से चल रही नक्‍सली घटनाओं पर आधारित संस्‍मरण पुस्तिका का विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब पैंतीस वर्ष से नक्सलवाद इस क्षेत्र के लिए कैंसर जैसी गंभीर समस्या बना हुआ था। सरकार के गठन के बाद इस चुनौती को समाप्त करने के लिए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक स्तर पर चर्चा की गई और एक ठोस रणनीति बनाई गई। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में “लाल सलाम को आख़िरी सलाम” का संकल्प लिया गया और असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य को संभव करने के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब इस क्षेत्र का नाम सुनकर लोग भयभीत हो जाते थे, लेकिन आज वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और समर्पण के बल पर यह क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर इस चुनौती का सामना किया और प्रदेश को सुरक्षित बनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास में बाधक बनने वाले मुद्दों पर कठोर निर्णय लिए गए हैं। आज प्रदेश गर्व से कह सकता है कि उसकी धरती पर एक भी नक्सलवादी सक्रिय नहीं है। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि पूर्व कैबिनेट मंत्री की हत्या की घटना का भी चुन-चुनकर बदला लिया गया और दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्‍यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे क्षेत्रों में पुलिस जवानों ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी लगातार अभियान चलाए। वर्ष 2025 में बारिश के मौसम जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी 1239 अभियान संचालित किए गए। वर्ष 2025 में दस हार्डकोर नक्सलियों को मुठभेड़ों में मार गिराया गया, जिससे स्पष्ट संदेश गया कि या तो आत्मसमर्पण करो या कठोर कार्रवाई का सामना करो। जवानों ने इस संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ पूरा किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अब नक्सलवाद की जड़ें कभी दोबारा न जमने पाएँ। इसके लिए सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ विकास कार्यों को भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन अधिकार पट्टे, जाति प्रमाण पत्र और स्‍थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में विश्वास और प्रगति का वातावरण बना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि वर्ष 2026 को प्रदेश में कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कृषि कैबिनेट का आयोजन किया जाएगा, ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप किसानों के हित में निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि कृषि कैबिनेट का आयोजन बालाघाट में किया जाएगा, जहां किसानों की समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा कर ठोस निर्णय लिए जाएंगे।

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के लिए वीर जवानों द्वारा दिखाए गए पराक्रम और शौर्य को याद करने का यह अविस्मरणीय दिन है। उन्होंने आउट ऑफ़ टर्न प्रमोशन प्राप्त करने वाले जवानों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पुलिस हॉक फोर्स के जांबाज़ जवानों ने कठिन परिस्थितियों में दिन-रात मेहनत कर जिस जज़्बे के साथ काम किया है, वह सराहनीय है। उन्हीं के बलबूते प्रदेश से नक्सलवाद के कलंक को समाप्त करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाक़ों में अब विकास की नई राह खुल रही है। युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़कर अपने जीवन को बेहतर बना सकें। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्य भी निरंतर गति से किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। सरकार सुरक्षा बलों के साहस और त्याग का सदैव सम्मान करती है और उनके कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

अलंकरण कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन ग्राउंड में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ भोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जवानों से आत्मीयता से बातचीत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साहस व समर्पण की सराहना की।जवानों के साथ भोजन कर मुख्यमंत्री ने उनके प्रति सम्मान और विश्वास का संदेश दिया।

एडीजी, नक्सल विरोधी अभियान श्री वेंकटेश्वर राव ने कहा कि देश भक्ति और जनसेवा हमारा संकल्प है। नक्सल विरोधी अभियान में अब तक 38 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने पिछले कुछ महीने पहले हुए इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के बलिदान को नमन किया। राज्य सरकार ने हॉक फोर्स ने 882 पदों को स्वीकृत कराया है। बालाघाट जिला नक्सल मुक्त हो चुका है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक बालाघाट के मार्गदर्शन में सामाजिक सहयोग से जिले में शांति बहाली के लिए कार्य जारी हैं।

पुलिस अधीक्षक बालाघाट श्री आदित्य मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आवश्वस्त किया कि जहां बंदूक की गोलियां गूंजती थीं वहां अब रोजगार-विश्वास और शिक्षा का शंखनाद होगा। उन्होंने कहा कि आज का दिन गौरव से परिपूर्ण है। पैंतीस वर्ष पुरानी नक्सल चुनौती को 31 मार्च 2026 की डेडलाइन से पहले ही जड़ से खत्म कर दिया गया है। नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देने वाले हॉक फोर्स के 60 जवानों को क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की गई है। नक्सल उन्मूलन की लड़ाई में शामिल युवकों को शासकीय नौकरी प्रदान की जा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा आरंभ विद्यांजलि अभियान के अंतर्गत नक्सल प्रभावित इलाके के 280 से अधिक स्कूलों को सामाजिक सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने का काम जारी है।

कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने 17 एवं 18 जनवरी को मलाजखंड में हुए बैगा महोत्‍सव के विजेता खिलाडियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्‍मानित किया। इसमें बिरसा के धनसिंह धुर्वे, समनापुर की ज्‍योति धुर्वे, जमुना मरावी एवं कटंगी के बुधराम मरावी शामिल है। बालाघाट जिला प्रशासन द्वारा बैगा जनजाति की संस्‍कृति एवं परंपराओं को संरक्षित करने के लिए बैगा महोत्‍सव का आयोजन किया गया था। इसमें 03 हजार से अधिक बैगा जनजाति के छात्र छात्राओं ने सहभागिता की थी। कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने नक्‍सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के 14 सदस्‍यों को शासकीय सेवा में नियुक्ति के पत्र प्रदान किये।

कार्यक्रम में मध्‍यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक सर्व श्री राजकुमार कर्राहे, गौरव पारधी, विवेक पटेल, मधु भगत, पूर्व कैबिनेट मंत्री द्वय श्री गौरीशंकर बिसेन, श्री प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, नगर पालिका अध्‍यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, पूर्व राज्‍य मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, पूर्व विधायक श्री रमेश भटेरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नक्‍सल विरोधी अभियान के अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक के.पी.व्‍यंकटेश्‍वर राव, सीआरपीएफ की आई.जी.नीतू सिंह भट्टाचार्य, बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक ललित शाक्‍यवार, जबलपुर संभाग के कमिश्‍नर धनंजय सिंह, बालाघाट जोन के पुलिस उपमहानिरीक्षक विनीत जैन, कलेक्‍टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्‍य मिश्रा, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा सुरक्षा बलों के जवान उपस्थित रहे।

Author

  • खबर एमपी न्यूज़ एक्सप्रेस'

    एक भरोसेमंद चैनल है जो जनता की आवाज़ को बुलंद करता है।यह चैनल निष्पक्ष, ताज़ा और ज़मीनी हकीकत से जुड़ी खबरें दिखाने के लिए समर्पित है।देश के हर कोने से विश्वसनीय और सच्ची रिपोर्टिंग इसकी पहचान होगी।

Khabrmpnewsexpress

खबर एमपी न्यूज़ एक्सप्रेस'

एक भरोसेमंद चैनल है जो जनता की आवाज़ को बुलंद करता है।यह चैनल निष्पक्ष, ताज़ा और ज़मीनी हकीकत से जुड़ी खबरें दिखाने के लिए समर्पित है।देश के हर कोने से विश्वसनीय और सच्ची रिपोर्टिंग इसकी पहचान होगी।

Related Articles

Back to top button